ममता ने चुनाव आयोग व बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप, कहा..चोरी करके जीतने से उन्हें अगर लगता है कि मुझे इस्तीफा देना होगा तो ऐसा नहीं होगा
टाकिंग पंजाब
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में मिली हार ममता बनर्जी से बर्दाशत नहीं हो रही है। पश्चिम बंगाल में हारने के बावजूद ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से इंकार कर दिया है। ममता बनर्जी का कहना है, वह हारी ही नहीं है। उन्होंने जबरन हमें हराया है। चुनाव आयोग के साथ मिलकर वो जीते हैं, लेकिन नैतिक तौर पर मेरी जीत हुई है। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए चुनाव प्रक्रिया पर ही सवाल खड़े कर दिए। ममता बनर्जी ने दावा किया कि इस चुनाव में न सिर्फ प्रशासनिक स्तर पर गड़बड़ियां हुईं, बल्कि गिणती के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया गया। ममता बनर्जी ने कहा कि टीएमसी ने चुनाव परिणामों की समीक्षा के लिए 10 सदस्यीय टीम बनाई है। पार्टी हार के कारणों और कथित अनियमितताओं की जांच करेगी। दरअसल जब मीडिया ने उनसे लोकभवन जाकर इस्तीफा देने के बारे में सवाल किया तो ममता भड़क गईं। उन्होंने कहा कि ‘मैं क्यों जाऊंगी ? हम तो हारे नहीं हैं, जो जाएंगे। अगर मैं जीत गई होती तो शपथ से पहले इस्तीफा देने जाती। लोकभवन जाने का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता। चोरी करके जीतने से उन्हें अगर लगता है कि मुझे इस्तीफा देना होगा तो ऐसा नहीं होगा। हार के बाद ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग और भाजपा पर 5 बड़े आरोप लगाए हैं। ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया आयोग इस चुनाव में लोगों के संवैधानिक अधिकारों को लूटने व ईवीएम को लूटने के वाला खलनायक बन गया। क्या आप मुझे बता सकते हैं कि वोटिंग के बाद ईवीएम में 80-90 प्रतिशत चार्ज है ? यह कैसे हो सकता है ? उन्होंने आरोप लगाया चुनाव से दो दिन पहले, उन्होंने हमारे लोगों को गिरफ्तार करना शुरू कर दिया। उन्होंने हर जगह छापेमारी करना शुरू कर दिया। उन्होंने सभी आईपीएस व आईएएस अधिकारियों को बदल दिया। उन्होंने अपनी पार्टी से लोगों को चुना और भाजपा ने सीधे चुनाव आयोग के साथ मिलकर खेल खेला। यह भाजपा व चुनाव आयोग के बीच एक बेटिंग है। हमने पूरी मशीनरी के खिलाफ लड़ाई लड़ी। इसमें प्रधानमंत्री और गृह मंत्री भी शामिल हैं और सीधा दखल दे रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि उनकी पार्टी चुनाव नहीं हारी, बल्कि उन्हें हराने के लिए साजिश रची गई। ममता ने कहा ‘मैंने अपने जीवन में ऐसा चुनाव कभी नहीं देखा। मैं 2004 में अकेली थी, लेकिन ऐसा कभी नहीं देखा। अब मेरे पास कोई कुर्सी नहीं है, इसलिए मैं एक आम आदमी हूं। इसलिए, आप मुझसे यह नहीं कह सकते कि मैं अपनी कुर्सी का इस्तेमाल कर रही हूं। मैं अब एक आजाद पंछी हूं। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि काउंटिंग सेंटर के अंदर उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। उन्होंने कहा हमें सोमवार को काउंटिंग रूम में नहीं जाने दिया गया। उन्होंने हमारे लोगों और काउंटिंग एजेंट्स को मारना शुरू कर दिया। 200 सीआरपीएफ और बाहर के गुंडों ने मारपीट की। जब मैं वहां पहुंचीं तो मेरी गाड़ी रोकी गई। मैं कुछ देर बाहर खड़ी रही। उन्होंने मेरे पेट और पीठ पर लात मारी। मुझे धक्का देकर निकाला। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि विशेष पुनरीक्षण के नाम पर करीब 90 लाख मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए। अदालत में जाने के बाद 32 लाख नाम दोबारा जोड़े गए, लेकिन अब भी कई नामों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। उनके मुताबिक, यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी नहीं थी और इसमें गंभीर गड़बड़ियां हुईं। ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि इंडिया गठबंधन उनके साथ खड़ा है और यह लड़ाई लोकतंत्र बचाने की है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, उद्धव ठाकरे, तेजस्वी यादव, हेमंत सोरेन और अखिलेश यादव सभी ने मुझसे फोन पर बात की। मैंने उन्हें स्पष्ट किया कि मैं इंडी गठबंधन के साथ हूं। मेरा लक्ष्य बहुत साफ है। मैं इंडिया गठबंधन को मजबूत करूंगी, बिल्कुल एक आम आदमी की तरह। मैंने अपनी पूरी जिंदगी लोगों की सेवा में लगा दी, इन 15 वर्षों में मैंने पेंशन का एक पैसा भी नहीं निकाला। मैं तनख्वाह का एक पैसा भी नहीं ले रही हूं, लेकिन अब, मैं एक आजाद पंछी हूं।