सरकार के सख्त कानून के बावजूद जालंधर में फिर से हुई श्री गुटका साहिब की बेअदबी

आज की ताजा खबर धर्म
Spread the love

क्या अपराधियों में खत्म हो चुका है कानून का डर…? सिख संगत ने किया प्रदर्शन, अपराधी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग

टाकिंग पंजाब

जालंधर। हाल ही में पंजाब विधानसभा ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी रोकने के लिए ‘जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) विधेयक-2026′ पारित किया था। इस नए कानून में दोषियों के लिए उम्रकैद व 25 लाख रुपए के भारी जुर्माने का प्रावधान भी रखा गया है। इतना ही नहीं, यह अपराध गैर-जमानती है व इस अपराध में दोषी पाए जाने वाले की उम्र तक जेल में बीत सकती है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि इतने कड़े कानून को लाने के बाद भी सोमवार रात को जालंधर के राजा गार्डन इलाके में श्री गुटका साहिब की बेअदबी हो गई।   स्थानीय चश्मदीदों व नौजवानों के मुताबिक, राजा गार्डन इलाके में गुटका साहिब के अंग (पन्ने) बिखरे हुए पाए गए, जो मिट्टी में सने हुए थे। लोगों का आरोप है कि यह सब कुछ असमाजिक तत्वों द्वारा जानबूझ कर आपसी भाईचारा बिगाड़ने के लिए किया गया है। हालांकि सवाल यह है कि इन अपराधियों में प्रमात्मा कर डर तो है ही नहीं, क्या कानून का डर भी इनमें खत्म हो चुका है ?। इतने सख्त कानून के बावजूद कोई इस तरह श्री गुटका साहिब के अंगों की बे-अदबी करने की कोशिश भी कैसे कर सकता है ?। क्या अपराधी इतने बेखौफ हो गए हैं कि उनमें 25 लाख जुर्माने या फिर उम्र कैद तक होने का डर भी नहीं रहा है ?।    उधर घटना के बाद मौके पर पहुंचे सिख तालमेल कमेटी के तजिंदर सिंह परदेसी, हरपाल सिंह चड्डा व निहंग सिंहों ने कड़ा रोष जताते हुए कहा कि एक तरफ सरकार कड़े कानून बनाने की बात करती है, लेकिन दूसरी तरफ बेअदबी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि धर्म के अपमान को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को कड़ा सबक सिखाया जाएगा। जाहिर सी बात है कि इतने कड़े कानून के बावजूद इस तरह का अपराध हो जाने से सिख ज्थेबंदियों व लोगों में भारी गुस्सा है। हालांकि, पुलिस ने प्रभावित धार्मिक सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सिख ज्थेबंदियों मे पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।  पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वह इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि यह साफ हो सके कि यह हरकत किसने और किस समय की। उधर सिख तालमेल कमेटी के तजिंदर सिंह परदेसी, हरपाल सिंह चड्डा, हरप्रीत सिंह नीटू, लक्की खालसा व अन्य नौजवानों ने पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में शामिल दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। उन्होंने कहा कि कानून के तहत ऐसी सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए जो समाज में एक मिसाल बने। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *