सांसद सुशील रिंकू ने केंद्रीय रेल मंत्री से मुलाकात कर की जालंधर में वंदे भारत एक्सप्रेस को स्टॉपेज देने की माँग

आज की ताजा खबर पंजाब
Spread the love

 

कहा प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक शहर और एनआरआई हब के लिए स्टॉपेज ज़रूरी

टाकिंग पंजाब।

नई दिल्ली। जालंधर से सांसद सुशील कुमार रिंकू ने आज केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर 30 दिसंबर से शुरू होने वाली दिल्ली-अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के जालंधर में स्टॉपेज की मांग की। सांसद सुशील रिंकू ने कहा कि जालंधर राज्य का एक प्रमुख औद्योगिक शहर है और एनआरआई हब भी है, इसलिए इस ट्रेन के जालंधर में रुकने से उद्यमियों, व्यापारियों और एनआरआई को काफी लाभ होगा, जिन्हें इस हाई स्पीड ट्रेन में जालंधर और नई दिल्ली में सफ़र करने का मौका मिलेगा।      सांसद सुशील रिंकू ने कहा कि यदि वंदे भारत का स्टॉपेज लुधियाना और अंबाला स्टेशन पर है तो जालंधर में भी जरूर होना चाहिए। इससे न केवल रेलवे को लाभ होगा बल्कि दोआबा क्षेत्र के लोगों का कीमती समय भी बचेगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले नई दिल्ली-कटरा के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को भी जालंधर में स्टॉपेज नहीं दिया गया था, जिससे यहां के लोग निराश थे। इसलिए अब आने वाली दिल्ली-अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रेस में जालंधर को भी शामिल किया जाना चाहिए।     सांसद रिंकू ने रेल मंत्री को बताया कि जालंधर पंजाब का एक बड़ा स्टेशन है। इस स्टेशन पर प्रतिदिन हजारों यात्री आते हैं। वंदे भारत के सबसे बड़े लाभार्थी व्यापारी और व्यवसायी होंगे जिनके लिए समय बहुत कीमती है। अगर ट्रेन जालंधर में रुकेगी तो रेलवे का राजस्व भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि वंदे भारत का जालंधर में स्टॉपेज न होने से लोग निराश हैं। उन्होंने रेल मंत्री से कहा कि उम्मीद है कि उनकी मांग को जल्द से पूरा किया जायेगा।      उन्होंने कहा कि नई दिल्ली और अमृतसर के बीच की दूरी 450 किलोमीटर है और वंदे भारत एक्सप्रेस इस दूरी को सिर्फ 5 घंटे में तय करेगी। रेलवे ने वंदे भारत का शेड्यूल पहले ही जारी करने के साथ ही इसकी टाइमिंग भी तय कर दी है। यह ट्रेन अमृतसर से समय सुबह 7.55 बजे रवाना होगी और 1.05 बजे दिल्ली पहुंचेगी। सांसद सुशील रिंकू ने आशा व्यक्त की कि रेलवे उनकी मांग पर सकारात्मक रुख अपनाएगा और इस ट्रेन के स्टॉपेज में जालंधर को भी शामिल किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *