पंचतत्व में विलीन हुए मशहूर मैराथन धावक फौजा सिंह

आज की ताजा खबर शिक्षा
Spread the love

फौजा सिंह हमेशा खेल प्रेमियों के दिलों और यादों में जीवित रहेंगे- सीएम मान

टाकिंग पंजाब

जालंधर। विश्वप्रसिद्ध मैराथन धावक फौजा सिंह का आज उनके पैतृक गांव ब्यास में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनको अंतिम विदाई देने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान व पंजाब के गवर्नर गुलाब चंद कटारिया मुख्य रूप में पहुंचे। उन्होंने हज़ारों लोगों के साथ फौजा सिंह को नम आंखों से राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। इससे पहले उनके शरीर को सुबह 9 से दोपहर 12.30 तक अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। मुख्यमंत्री ने फौजा सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की व उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।         इस दौरान सीएम भगवंत मान ने कहा कि 114 वर्ष की आयु में फौजा सिंह दुनिया के सबसे वृद्ध मैराथन धावक थे, जिन्होंने अपने संकल्प और धैर्य से पूरी दुनिया में मिसाल कायम की। उन्होंने कहा कि खेल जगत हमेशा फौजा सिंह का ऋणी रहेगा, जिन्होंने अपनी उम्र को पीछे छोड़ते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एथलेटिक्स को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। मान ने कहा कि फौजा सिंह हमेशा खेल प्रेमियों के दिलों और यादों में जीवित रहेंगे और एक स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।         उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस महान एथलीट की मृत्यु से जो खालीपन पैदा हुआ है, उसे निकट भविष्य में भरना बेहद कठिन है। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि राज्य सरकार उनकी स्मृति में उनके गांव के स्कूल का नाम फौजा सिंह के नाम पर रखेगी और गांव के स्टेडियम तथा जालंधर के स्पोर्ट्स कॉलेज में उनकी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वह शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति दे और दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री महिंदर भगत, पवन टीनू, बलकार सिंह, कांग्रेस विधायक सुखविंदर कोटली, अकाली दल से डॉ दलजीत सिंह चीमा व अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *