मन की बात के 108वें एपिसोड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता को किया संबोधित…

आज की ताजा खबर देश

इस वर्ष हमारे देश ने कई विशेष उपलब्धियां हासिल की हैं जो 140 करोड़ भारतीयों की ताकत है- पीएम मोदी

टाकिंग पंजाब

नई दिल्ली। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज आकाशवाणी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 108वें एपिसोड पर देश की जनता को संबोधित किया। एपिसोड में सबसे पहले पीएम मोदी ने 108 अंक के महत्व के बारे में बात करते हुए कहा कि हमारे यहां 108 अंक का महत्व व उसकी पवित्रता एक गहन अध्ययन का विषय है। माला में 108 मनके, 108 बार जप, 108 दिव्य क्षेत्र, मंदिरों में 108 सीढ़ियां, 108 घंटियां व 108 का ये अंक असीम आस्था से जुड़ा हुआ है इसलिए मन की बात का 108वां एपिसोड मेरे लिए और भी खास हो गया है।        भारत के इनोवेशन हब के बारे में पीएम मोदी ने कहा कि भारत इनोवेशन का हब बन रहा है व देश आत्‍मनिर्भरता की भावना से भरा है। ये 140 करोड़ भारतीयों की ताकत है कि इस वर्ष हमारे देश ने कई विशेष उपलब्धियां हासिल की हैं। आज भारत का कोना-कोना आत्मविश्वास से भरा हुआ है। विकसित भारत की भावना से, आत्मनिर्भरता की भावना से ओत-प्रोत है व 2024 में भी हमें इसी भावना और मोमेन्टम को बनाए रखना है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि भारत का इनोवेशन हब बनना, इस बात का प्रतीक है कि हम रुकने वाले नहीं हैं। साल 2015 में हम ग्‍लोबल इनोवेशन इंडेक्‍स में 81वें रैंक पर थे, आज हमारी रैंक 40 है। इस वर्ष भारत में फाइल होने वाले पैटेंट की संख्या ज्यादा रही है, जिसमें करीब 60% डोमेस्टिक फंड के थे।        भारत के प्रयास से 2023 को इंटरनेशनल ईयर ऑफ मिलेट्स के रूप में मनाया गया। इससे इस क्षेत्र में काम करने वाले स्‍टार्टअप को बहुत सारे अवसर मिले हैं। फिजिकल हेल्‍थ को लेकर दिलचस्पी जिस तरह से बढ़ रही है, उससे इस क्षेत्र से जुड़े कोच और ट्रेनर की मांग भी बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर को लेकर पूरे देश में उत्साह, लोग अनेक तरीकों से अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहे हैं, नए भजन रचे गए, कविताएं लिखी गयी हैं। हमारी भारतभूमि को हर कालखंड में देश की विलक्षण बेटियों ने गौरव से भर दिया है। सावित्रीबाई फुले जी व रानी वेलु नाचियार जी देश की ऐसी ही दो विभूतियां हैं।         उनका व्यक्तित्व ऐसे प्रकाश स्तम्भ की तरह है, जो हर युग में नारी शक्ति को आगे बढ़ाने का मार्ग दिखाता रहेगा। आज से कुछ ही दिनों बाद, 3 जनवरी को हम सभी इन दोनों की जन्म जयंती मनाएंगे। विदेशी शासन के खिलाफ़ संघर्ष करने वाली देश की कई महान विभूतियों में से एक नाम रानी वेलु नाचियार का भी है। तमिलनाडु के मेरे भाई-बहन आज भी उन्हें वीरा मंगई यानी वीर नारी के नाम से याद करते हैं. अंग्रेजों के खिलाफ़ रानी वेलु नाचियार जिस बहादुरी से लड़ीं और जो पराक्रम दिखाया, वो बहुत ही प्रेरित करने वाला है। इसके अलावा पीएम मोदी ने एपिसोड में शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य पर जोर देते हुए फिट इंडिया के लिए कई प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *