कहा , जनहित के मुद्दे उठाना क्या अपराध है ? आप नेता अनुराग ढांडा ने कहा, देश बचाने की जगह एयरपोर्ट कैंटीन में समोसे सस्ते करवाने में लगे हैं आप..
टाकिंग पंजाब
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी द्वारा राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने व संसद में बोलने से रोके जाने के बाद सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार सुबह एक वीडियो संदेश जारी कर पलटवार किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए इस वीडियो में राघव चड्ढा ने कहा कि उन्हें ‘खामोश जरूर किया गया है, लेकिन वे हारे नहीं हैं। राघव चड्ढा ने अपने संदेश को ‘Silenced, Not Defeated’ शीर्षक देते हुए इसे सीधे ‘आम आदमी’ के नाम संबोधित किया। हालांकि, वीडियो में उन्होंने पार्टी नेतृत्व या किसी नेता का नाम लेकर कोई सीधा आरोप नहीं लगाया। वीडियो संदेश में राघव चड्ढा ने सीधे तौर पर आम आदमी पार्टी के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब-जब मुझे संसद में बोलने का मौका मिला, मैंने आम लोगों से जुड़े मुद्दे उठाए। हो सकता है कि मैं ऐसे मुद्दे उठाता हूं, जिन पर आमतौर पर बात नहीं होती, लेकिन क्या जनहित के मुद्दे उठाना कोई अपराध है ? क्या मैंने कोई गलती की है ? क्या मैंने कुछ गलत किया है ? इससे आप को क्या नुकसान हुआ ? वीडियो के आखिर में उन्होंने आप को चेतावनी दी कि आवाज खामोश कराने वालों के सामने मैं सैलाब बनकर आऊंगा। चड्ढा के वीडियो संदेश पर आम आदमी पार्टी की प्रतिक्रिया भी आ गई है। पार्टी ने चड्ढा पर आरोप लगाया कि वह देश के लिए जरूरी अहम मुद्दे नहीं उठा रहे थे। उधर अपने संदेश में राघव चड्ढा ने आगे कहा है कि मैं यह सवाल इसलिए पूछ रहा हूं, क्योंकि आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर कहा है कि राघव चड्ढा को संसद में बोलने से रोका जाए। भला कोई मेरे बोलने पर रोक क्यों लगाना चाहेगा ?। मैं तो जब बात करता हूं, जनता के मुद्दे पर बात करता हूं, आम आदमी की बात करता हूं। राघव चड्ढा ने कहा कि मैंने तो एयरपोर्ट पर मिल रहे महंगे खाने की बात रखी। ब्लिंकिट-जोमैटो राइडर्स की बात रखी। मैंने टोल प्लाजा लूट से बैंक चार्जेस लूट की बात रखी। चड्ढा के बयान के बाद आम आदमी पार्टी की प्रतिक्रिया आई है। आप नेता अनुराग ढांडा ने एक्स पर पोस्ट करके कहा है कि कोई मोदी से डर जाए तो लड़ेगा क्या देश के लिए ? संसद में थोड़ा सा समय मिलता है बोलने का पार्टी को, उसमें या तो देश बचाने का संघर्ष कर सकते हैं या एयरपोर्ट कैंटीन में समोसे सस्ते करवाने का। गुजरात में हमारे सैंकड़ों कार्यकर्ता बीजेपी की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए, क्या सांसद साहब सदन में कुछ बोले ? पश्चिम बंगाल में वोट का अधिकार छीना जा रहा है। सदन में प्रस्ताव आया सीईसी के खिलाफ तो भाई साहब ने साइन करने से मना कर दिया। पार्टी ने सदन से वॉकआउट किया तो मोदी जी की हाज़िरी लगाने के लिए बैठे रहते हैं। पिछले कुछ सालों से तुम डर गए हो राघव। मोदी के खिलाफ बोलने से घबराते हो। देश के असली मुद्दों पर बोलने से घबराते हो। ढांडा ने कहा कि हम अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं। निडरता पहली पहचान है हमारी। आपको बता दें कि राघव चड्ढा पिछले कुछ समय से संसद में जनहित से जुड़े कई मुद्दे जोर-शोर से उठा रहे थे। इसका एक वीडियो उन्होंने गुरुवार शाम जारी किया था। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट वीडियो में राघव को आम लोगों से जुड़े मुद्दे सदन में उठाते हुए दिखाया गया। इनमें पैटरनिटी लीव से लेकर मिडिल क्लास पर टैक्स को बोझ, मोबाइल डेटा की लिमिट, मिनिमम अकाउंट बैलेंस जैसे मसले शामिल हैं। इनके अलावा वीडियो में वह फ्लाइटों में एक्स्ट्रा बैगेज चार्ज, पेपर लीक, वायु प्रदूषण जैसे तमाम मुद्दे सदन में उठाने के वीडियो कंपाइल करके उन्होंने पोस्ट किए। मैं उन्हें भी कुछ कहना चाहता हूं। मेरी खामोशी को मेरी हार मत समझ लेना। मैं वो दरिया हूं, जो वक्त आने पर सैलाब बनता है। वीडियो के आखिर में वह संसद से बाहर निकलते दिखाई दे रहे थे। बता दें कि आम आदमी पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर गुरुवार को बड़ा बदलाव किया। राज्यसभा में अपने सांसद राघव चड्ढा को पार्टी के उपनेता पद से हटाकर डॉ. अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंप दी। इसके लिए राज्यसभा सचिवालय को पत्र भी भेज दिया। आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को सूचित किया कि सांसद राघव चड्ढा को संसद में बोलने का समय नहीं दिया जाना चाहिए। इसके अलावा, आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर सांसद राघव चड्ढा के स्थान पर सांसद अशोक मित्तल को राज्यसभा में पार्टी का उपनेता नियुक्त करने का अनुरोध किया।