भाजपा के राष्ट्रीय सम्मेलन में पहुंचे पीएम मोदी ने विपक्ष पर जमकर साधा निशाना… कहा – विपक्ष गठबंधन देश को बांट रहा…

आज की ताजा खबर देश

पीएम मोदी ने कहा, दुनिया का हर देश, हर शक्ति जानती है कि आएगा तो मोदी ही…

टाकिंग पंजाब

नई दिल्ली। भारत मंडपम में भाजपा के दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में पहुंचे भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि पहला प्रधानमंत्री हूं, जिसने शौचालय के बारे में सोचा। महिलाओं के खिलाफ अपशब्द बोलने वालों के लिए कानून लाए। 3 करोड़ से ज्यादा महिलाओं के नाम घर रजिस्टर्ड कराकर उन्हें घर की मालकिन बनाया। 12 करोड़ महिलाओं के लिए शौचालय बनाया।         उन्होनें आगे कहा कि बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए, बेटी को नौकरी करने में आसानी हो, इसके लिए कदम उठाए। एक करोड़ लखपति बहनें बनाई। प्रेग्नेंसी लीव को 26 हफ्ते का कर दिया। हमने सैन्य स्कूलों के दरवाजे बेटियों के लिए खोल दिए। आने वाले समय में उनके लिए अवसर ही अवसर हैं। आदिवासियों के लिए पीएम जनधन योजना व पीएम विश्वकर्मा योजना लाए। रेहड़ी पर काम करने वाले लाखों साथियों के लिए किसी ने नहीं सोचा, हमने उनके लिए योजना बनाई। विपक्ष को घेरते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पहले की सरकारों ने महिलाओं के जीवन में आने वाली परेशानियों की चिंता नहीं की।         हमारे यहां बेटियों को गर्भ में मार डालने की विराट समस्या थी। हमने उनके लिए सामाजिक चेतना, कड़े कानून का सहारा लिया। पहली बार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का जन आंदोलन चला। हमने पोषण अभियान चलाया, ताकि गर्भवतियों को मदद मिले। मातृ वंदन योजना के तहत सवा तीन करोड़ बहनों को मदद मिली। सुरक्षित मातृत्व अभियान के लिए 5 करोड़ गर्भवती महिलाओं का हेल्थ चेकअप कराया। माता और शिशु के खतरों को कम करने के लिए प्रयास किए व हमने रेप में फांसी की सजा सुनिश्चित की।          उन्होनें कहा कि पिछले 10 साल में भारत ने जो गति हासिल की है व बड़े लक्ष्यों को हासिल करने का जो हौसला पाया है, वो अभूतपूर्व है। ये मैं नहीं, पूरी दुनिया गाजेबाजे के साथ बोल रही है। हर देशवासी को एक बड़े संकल्प के साथ जोड़ दिया है व ये संकल्प है विकसित भारत का। अब देश ना छोटे सपने देख सकता है और ना छोटे संकल्प ले सकता है। सपने भी विराट होंगे और संकल्प भी। 10 साल में जो हासिल किया, वो पड़ाव मात्र है। मंजिल तक पहुंचने का नया विश्वास है। अभी हमें देश के लिए, कोटि-कोटि भारतीयों का जीवन बदलने के लिए बहुत कुछ हासिल करने का संकल्प है व बहुत से निर्णय अभी बाकी हैं।        आज भाजपा युवा शक्ति, नारी शक्ति, गरीब और किसान की शक्ति को विकसित भारत के निर्माण की शक्ति बना रही है। पहले लोगों को लगता था कि सरकारें बदलती हैं, व्यवस्था नहीं बदलती। हमने सच्चे अर्थों में हर व्यवस्था को पुरानी सोच-पुरानी अप्रोच से बाहर निकाला। जिन्हें किसी ने नहीं पूछा, हमने उन्हें पूछा और पूजा है। भाजपा कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय अधिवेशन में उपस्थित और देश के कोने-कोने से जुड़े भाजपा कार्यकर्ताओं का मैं अभिनंदन करता हूं। भाजपा का कार्यकर्ता साल के हर दिन चौबीसों घंटे देश की सेवा के लिए कुछ ना कुछ करता ही रहता है। अब अगले 100 दिन नई ऊर्जा, नई उमंग, नए उत्साह, नया विश्वास, नए जोश के साथ काम करने के हैं। आज 18 फरवरी है व देश के नए युवा जो 18 वर्ष के हुए हैं, वो 18वीं लोकसभा का चुनाव करेंगे।        अगले 100 दिन हर नए वोटर, हर लाभार्थी, हर वर्ग-हर समाज, हर एक तक पहुंचना है। सबका विश्वास हासिल करना है। सबका प्रयास होगा देश की सेवा के लिए सबसे ज्यादा सीटें भी भाजपा को ही मिलेंगी। इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि आज हर महाद्वीप में भारत का सम्मान व ताकत बढ़ रही है। हर देश संबंध बनाने पर जोर दे रहा है। इन सबके बीच वो देश हमारी सरकार से बातचीत के लिए आते हैं। चुनाव बाकी है, लेकिन मेरे पास जुलाई, अगस्त, सितंबर के निमंत्रण दे रहे हैं। दुनिया के बाकी देश भी भाजपा की वापसी को लेकर आश्वस्त हैं। दुनिया का हर देश, हर शक्ति जानती है, आएगा तो मोदी ही।        इस दौरान कांग्रेस पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस से देश को बचाना, बच्चों को, युवाओं को बचाना भाजपा के हर कार्यकर्ता का दायित्व है। कांग्रेस अस्थिरता, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की जननी है। 70 के दशक में जब देश में गुस्सा बढ़ा तो उसने अस्थिरता का सहारा लिया। हर सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया। आज भी साजिशें कर रहे हैं जो गठबंधन बनाया, उसका भी यही काम है। ये कभी भाषा तो कभी क्षेत्र के आधार पर देश को बांटने में लगे रहे। सबसे बड़ा पाप ये रहा कि देश की सेनाओं का मनोबल तोड़ने में भी पीछे नहीं रहे। सुरक्षा और सामरिक शक्ति को कम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सेना ने उपलब्धि हासिल की तो कांग्रेस ने हर बार सवाल उठाया। उन लोगों ने पूरी कोशिश की कि देश को राफेल ना मिल पाए। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक पर सवाल उठाए और सबूत मांगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *