मेरे खिलाफ हो रही है ईडी रेड की प्लानिंग.. खुली बांहों से इंतजार, चाय-बिस्किट भी तैयार

आज की ताजा खबर पॉलिटिक्स

राहुल गांधी ने एक्स पर डाली पोस्ट..लिखा, “जाहिर है, 2 में से 1 को मेरा चक्रव्यूह वाला भाषण नहीं लगा अच्छा

टाकिंग पंजाब

नई दिल्ली। लोकसभा में एनडीए की सरकार व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले लाहुल गांधी को ईडी की रेड का डर सता रहा है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को दावा किया है कि संसद में उनके ‘चक्रव्यूह’ भाषण के बाद प्रवर्तन निदेशालय द्वारा उनके खिलाफ छापेमारी की योजना बनाई जा रही है। राहुल ने कहा कि वह खुली बांहों के साथ ईडी अधिकारियों का इंतजार कर रहे हैं।    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में राहुल गांधी ने लिखा है कि “जाहिर है, 2 में से 1 को मेरा चक्रव्यूह वाला भाषण अच्छा नहीं लगा।  ईडी के अंदरूनी सूत्रों ने मुझे बताया है कि छापेमारी की तैयारी हो रही है। मैं ईडी का खुली बांहों से इंतजार कर रहा हूं। चाय और बिस्कुट मेरी तरफ से। इतना ही नहीं राहुल ने अपने इस पोस्ट में प्रवर्तन निदेशालय के आधिकारिक एक्स हैंडल को टैग भी किया है। दरअसल राहुल ने 29 जुलाई को संसद सत्र दौरान बजट की तुलना महाभारत के चक्रव्यूह से की। उन्होंने कहा कि छह लोगों का एक ग्रुप पूरे देश को चक्रव्यूह में फंसा रहा है। ये 6 लोग- नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत, अजित डोभाल, अडाणी और अंबानी हैं।    वहीं राहुल गांधी के इस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि ईडी अधिकारी का नाम बताएं। विपक्षी नेता की ओर से आया यह बयान शर्मनाक है। दरअसल लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को केंद्र सरकार पर हिंदुस्तान को अभिमन्यु की तरह चक्रव्यूह में फंसाने का आरोप लगाया था और कहा था कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) इस चक्रव्यूह को तोड़ेगा। उन्होंने लोकसभा में केंद्रीय बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए यह दावा भी किया था कि इस बजट में चंद पूंजीपतियों के एकाधिकार और लोकतांत्रिक ढांचे को नष्ट करने वाले राजनीतिक एकाधिकार को मबजूती प्रदान की गई है  राहुल गांधी ने इस दौरान कहा था कि बजट में युवाओं, किसानों तथा मध्य वर्ग को नजरअंदाज कर दिया गया है। राहुल गांधी ने दावा किया था कि 21वीं सदी में एक और चक्रव्यूह तैयार किया गया है। जो अभिमन्यु के साथ हुआ, वही हिंदुस्तान के साथ किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया था कि जिस तरह से अभिमन्यु को चक्रव्यूह में फंसाया गया था उसी तरह हिंदुस्तान को फंसा दिया गया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि इंडिया’ गठबंधन इस चक्रव्यूह को तोड़ेगा। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यह भी कहा था कि ‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में आने पर जाति आधारित जनगणना कराएगा और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी भी देगा।    नेता प्रतिपक्ष ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा था कि हजारों साल पहले कुरुक्षेत्र में अभिमन्यु को चक्रव्यूह में छह लोगों ने फंसा कर मारा था। चक्रव्यूह का दूसरा नाम है ‘पद्मव्यूह’, जो कमल के फूल के आकार का होता है। इसका चिह्न प्रधानमंत्री अपने सीने पर लगाकर चलते हैं। अभिमन्यु के साथ जो किया गया, वह भारत के साथ किया जा रहा है। देश के किसान, मजदूर और नौजवान डरे हुए हैं। राहुल गांधी ने इस दौरान कहा कि इंडिया ब्लॉक ये चक्रव्यूह तोड़ेगा। राहुल ने कहा केंद्र सरकार ने जो चक्रव्यूह रचा है, उससे करोड़ों लोगों को नुकसान हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *