कुल्लू में बरपा कुदरत का कहर, बादल फटने से बह गए अनेकों दुकाने व मकान 

आज की ताजा खबर देश

बादल फटने से पानी की चपेट में आई दुकानों, रेस्टोरेंट व लोगों का नहीं मिला सुराग

टाकिंग पंजाब

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में कुदरत का कहर बरपा है। जिले के भुंतर मार्ग पर भूस्खलन के चलते मणिकर्ण घाटी में चोज नाला में बाढ़ आ गई है। बाढ़ के कारण 4 लोग लापता हैं व इस घटना में 3 मकान, 1 गेस्ट हाउस, 3 कैंपिंग साइट, 1 गौशाला समेत 4 गाय भी बह गई हैं। इसके अलावा कईं ढाबे व मकान भी बाढ़ की भेंट चढ़ गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और बचाव दल की टीमें मौके के लिए रवाना हो गई, लेकिन जिला प्रशासन की टीम सहित दमकल विभाग की गाड़ियां भूस्खलन के कारण रास्ता बंद होने से फंस गई हैं।

भूस्खलन से वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं व इसी कतार में दमकल विभाग के वाहन सहित प्रशासनिक अमला भी फंसा गया। इसके अलावा चोज गांव का संपर्क पार्वती नदी पर बने पुल के बह जाने से कट गया है। लोगों की मानें तो इस बाढ़ में काफी नुकसान हुआ है। पार्वती नदी और चोज नाला संगम स्थल पर बने मकान व रेस्टोरेंट बह गए हैं।

इन मकानों व रेस्टोरेंट में कितने लोग थे, अभी तक स्थिति साफ नहीं हो पाई है। एसडीएम कुल्लू विकास शुक्ला ने बताया कि मौके पर पहुंचने के बाद ही नुकसान और लोगों के बहने की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। इसके अलावा बंजार, आनी, कुल्लू और मनाली क्षेत्र के कई मार्ग भूस्खलन के कारण बंद होने की जानकारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *