एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू बनी देश की 15वीं राष्ट्रपति, यशवंत सिन्हा को दी शिकस्त

आज की ताजा खबर पॉलिटिक्स

कुल 8,38,839 में से द्रौपदी मुर्मू को 5,77,777 मूल्य के 2161 मिले वोट .. यशवंत सिन्हा को मिले 2,61,062 के मूल्य के 1058 वोट 

टाकिंग पंजाब 

नई दिल्ली। देश को मिलने वाले 15वें राष्ट्रपति के चुनाव में द्रौपदी मुर्मू  ने जीत हासिल कर ली है। अपने विरोधी यशवंत सिन्हा को हराकर वह भारत की 15वीं राष्ट्रपति बन गई हैं। राज्यसभा महासचिव पीसी मोदी के अनुसार तीसरे दौर के बाद कुल वैध वोट 3219 हैं, जिसका कुल मूल्य 8,38,839 है। इसमें से द्रौपदी मुर्मू को 5,77,777 के मूल्य के 2161 वोट मिले। यशवंत सिन्हा को 2,61,062 के मूल्य के 1058 वोट मिले। सूत्रों के अनुसार राष्ट्रपति चुनाव में 17 सांसदों ने एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की। वह देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति होंगी। दोपहर 2 बजे सांसदाें के वोटो की गिनती पूरी हुई थी। इसमें द्रौपदी मुर्मू को 540 व यशवंत सिन्हा को 208 सांसदों का वोट मिला है, जबकि 15 वोट रद्द हो गए हैं।

  देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी मुर्मू 


  एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू जीत के बाद देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति बन गईं हैं। द्रौपदी मुर्मू के गांव में जश्न मनाया जा रहा है। लोग ढोल-नगाड़ों व पारंपरिक वाद्य यंत्रों के जरिए मुर्मू की जीत का जश्न मना रहे हैं। दरअसल राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई की मध्य रात्रि को खत्म हो रहा है, जिसके चलते 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने मुर्मू को बधाई देते हुए कहा, भारत ने इतिहास लिखा है।

जब भारत आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, पूर्वी भारत के एक सुदूर हिस्से में पैदा हुई एक आदिवासी समुदाय की बेटी को राष्ट्रपति चुना गया है। द्रौपदी मुर्मू को बधाई। निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने द्रौपदी मुर्मू को देश की नई राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी भारत के 15वें राष्ट्रपति चुने जाने पर द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *