आप प्रमुख ने की भाजपा कार्यकर्ताओं को अपील..  बोले पेमेंट उनसे ले लो, काम हमारे लिए करो

आज की ताजा खबर पॉलिटिक्स

गुजरात दौरे पर पहुंचे केजरीवाल ने कहा.. हमें भाजपा के बड़े-बड़े नेता नहीं,  हमें उनके पन्ना प्रमुख, कार्यकर्ता चाहिए।

टाकिंग पंजाब
गुजरात। हमें भाजपा के बड़े-बड़े नेता नहीं चाहिए। हमें उनके पन्ना प्रमुख, कार्यकर्ता चाहिए। आप सभी लोग भाजपा में ही रहो, लेकिन काम हमारे लिए करो। यह शब्द आप प्रमुख अरविन्द केजरीवाल ने गुजरात में एक प्रोग्राम दौरान कहें। अपने दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे केजरीवाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं को अपने पक्ष में करने के लिए खास अपील की। दो दिवसीय गुजरात दौरे के अंतिम दिन केजरीवाल ने कहा, हमें भाजपा के बड़े-बड़े नेता नहीं चाहिए।
हमें उनके पन्ना प्रमुख, कार्यकर्ता चाहिए। उन्होंने कहा, आप सभी लोग भाजपा में ही रहो। भाजपा पेमेंट करती है, पेमेंट उनसे लो, लेकिन काम हमारे लिए करो। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी से जुड़ रहे हैं।

केजरीवाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, मैं एहसान फरामोश नहीं हूं। आप सभी की सभी मांगों को एक महीने के अंदर पूरा करूंगा। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी मनोज सोराठिया पर हमले को लेकर दुख जताया। उन्होंने कहा, ये गुजरात और हिंदू संस्कार नहीं हैं। उन्होंने भाजपा पर हमले का आरोप लगाते हुए कहा, उन्हें अपनी हार दिखाई दे रही है, इस कारण हमले हो रहे हैं, लेकिन हम डरते नहीं हैं, हमें संयम रखना है।
जब चुनाव होगा तो हमें बटन दबाकर अपना गुस्सा जाहिर करना होगा। उन्होंने कहा कि हम कांग्रेस नहीं हैं। इसलिए अपने तौर तरीके बदल लो, हम डरने वाले लोग नहीं हैं। हम सरदार पटेल को मानने वाले लोग हैं।
  इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि हमने एक सर्वे कराया है। इसमें सूरत की 12 में से सात सीटें आम आदमी पार्टी जीतने वाली है। उन्होंने कहा कि वक्त कम है, इसलिए आप सभी अपने-अपने स्तर पर प्रचार करो। उन्होंने कहा 27 साल तक भाजपा ने कर्मचारियों के लिए कुछ नहीं किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *