चौलांग में लगे टोल प्लाजा बंद करने पहुंचे किसानों का कर्मचारियों ने किया विरोध

आज की ताजा खबर

कर्मचारियों ने कहा- उन्हें मरना मंजूर है, लेकिन वह टोल बंद नहीं होने देंगे

किसान नेताओं ने की टोल प्लाजा के कर्मचारियों को मनाने की कोशिश लेकिन कर्मचारियों ने किया बात मानने से इंकार

टाकिंग पंजाब

जालंधर। पंजाब में जालंधर-पठानकोट हाईवे पर जिला होशियारपुर के तहत आते चौलांग में लगे टोल प्लाजा पर माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब किसान आज अपने तय समय के अनुसार टोल प्लाजा बंद करवाने के लिए पहुंचे। यहां पर किसान संगठन व टोल प्लाजा पर काम करने वाले कर्मचारियों में टकराव हो गया।

   किसान जब टोल प्लाजा बंद करवाने पहुंचे तो कर्मचारी भी सामने आ गए व कहा कि वह टोल बंद नहीं होने देंगे। मौके पर तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस फोर्स को तैनात की गई। वहीं, पुलिस ने किसानों को सड़क के एक तरफ रोक कर रखा था व टोल प्लाजा फिलहाल बंद नहीं किया गया।


चौलांग टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारियों ने किसानों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कहा कि उन्हें मरना मंजूर है, लेकिन वह टोल बंद नहीं होने देंगे। किसान नेताओं ने टोल प्लाजा के कर्मचारियों को मनाने की भी कोशिश की लेकिन कर्मचारियों ने उनकी एक ना सुनी। कर्मचारियों का कहना है कि यदि टोल प्लाजा बंद कर दिया गया तो वह कहां पर जाएंगे। उनके परिवार यहीं से मिलने वाले वेतन से चलते हैं।

       इसी बीच किसान नेताओं ने टोल न बंद करने की जिद पर अड़े कर्मचारियों को आश्वासन भी दिया कि उनका रोजगार कहीं नहीं जाएगा। यदि उन्हें टोल प्लाजा को ठेके पर लेकर चलाने वाली कंपनी वेतन नहीं देगी और नौकरी से निकालेगी तो वह उनका साथ देंगे। उनके साथ बैठकर कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे, लेकिन कर्मचारियों ने किसानों की यह बात भी नहीं मानी और टोल बंद ना करने की बात पर अड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *