भाजपा नेता के आवास पर हुए ग्रेनेड हमले को लेकर शुरू हुआ आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला

आज की ताजा खबर पॉलिटिक्स
Spread the love

विपक्ष ने घेरी पंजाब की आप सरकार तो आप नेताओं ने बताया हमले के पीछे बताया केंद्र सरकार का कसूर व पाक का हाथ

टाकिंग पंजाब

जालंधर। पूर्व मंत्री व भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के आवास पर ग्रेनेड हमले को लेकर आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया है। हालांकि जालंधर पुलिस की टीमों ने 12 घंटे के अंदर ग्रेनेड फेंकने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अटैक में इस्तेमाल ई-रिक्शा भी पुलिस ने किया रिकवर कर लिया है, इसके बावजूद पंजाब की आप सरकार व पंजाब पुलिस पर विपक्ष काफी हमलावर दिखाई दे रहा है। इस हमले के बाद से ही जहां भाजपा पंजाब की आप सरकार पर हमलावर है, वहीं आप नेताओं ने भी भाजपा व केंद्र सरकार पर शब्दों के बाण चलाने शुरू कर दिए हैं। इस दौरान भाजपा नेताओं ने मान सरकार का पुतला भी फूंका। आईए आपको बताते हैं कि इस हमले को लेकर किस नेता ने क्या क्या कहा।    पंजाब में कानून व्यवस्था ध्वस्त – भारतीय हॉकी टीम के पूर्व खिलाड, पंजाब के पूर्व मंत्री और जालंधर कैंट से जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह ने कहा कि मैं पूर्व मंत्री और भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के आवास पर ग्रेनेड हमले की कड़ी निंदा करता हूं। भगवंत सिंह मान की सरकार में पंजाब में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और राज्य अराजकता की ओर बढ़ रहा है। भगवंत मान आप सिर्फ मुख्यमंत्री के तौर पर ही विफल नहीं हो रहे हैं, गृह मंत्री के तौर पर भी आप पूरी तरह विफल रहे हैं। पंजाब के आम लोगों के लिए क्या उम्मीद है ?

   बिक्रम मजीठिया बोले, भगवंत मान दें इस्तीफा – रोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि आज मैंने भाजपा नेता मनोरंजन कालिया से कल रात हुए ग्रेनेड हमले के बारे में जानकारी लेने और उनका हालचाल जानने के लिए बात की। कालिया ने बताया कि कैसे ई-रिक्शा पर आए हमलावरों ने निडर होकर रात 1 बजे ग्रेनेड से हमला किया। पुलिस चौकी से 100 मीटर दूर इन हमलावरों की बेखौफ हरकत पंजाब के जंगल राज की कहानी बयां करती है। भगवंत मान पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है, इसका भाईचारा और कानून व्यवस्था का दुरुस्त रहना बहुत जरूरी है। मौके की संवेदनशीलता को समझते हुए तुरंत इस्तीफा दें, क्योंकि आप पंजाब को संभालने में बुरी तरह विफल रहे हैं।    बाजवा बोले, सीएम सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकते – पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि बीजेपी नेता मनोरंजन कालिया के आवास पर ग्रेनेड हमला पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के कार्यकाल में बढ़ती हिंसा की एक कड़ी याद दिलाता है। उनके पदभार संभालने के बाद से कई विस्फोट हुए हैं। इनमें मई 2022 में मोहाली आरपीजी हमला और 2024 के अंत में पुलिस स्टेशनों पर ग्रेनेड हमलों की श्रृंखला शामिल है। यह पैटर्न कानून और व्यवस्था बनाए रखने में एक महत्वपूर्ण चूक को रेखांकित करता है। यदि मुख्यमंत्री मान नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकते हैं, तो उन्हें पद छोड़ देना चाहिए।

    आंध्र प्रदेश के मंत्री बोले, क्या यही वह ‘आप-दा’ शासन – आंध्र प्रदेश सरकार में स्वास्थ्य, परिवार कल्याण और चिकित्सा शिक्षा मंत्री सत्य कुमार यादव ने कहा कि पंजाब में भाजपा नेता मनोरंजन कालिया आवास पर ग्रेनेड विस्फोट से बहुत चिंतित हूं। जब से आप ने पंजाब की सत्ता संभाली है, आपराधिक गतिविधियों, लक्षित हत्याओं और अलगाववादी तत्वों में वृद्धि देखी गई है। क्या यही वह ‘आप-दा’ शासन है, जिसका अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने वादा किया था ?   पंजाब भाजपा प्रमुख बोले, आप की लीडरशिप बेदम – पंजाब भाजपा के प्रधान सुनील जाखड़ ने कहा है कि पंजाब में आप की लीडरशिप में दम नहीं है। सब कुछ दिल्ली वाले चला रहे हैं। दिल्ली से मनीष सिसोदिया, विभव कुमार जैसे अन्य कई नेताओं को पंजाब में लाया गया है। राज्य सरकार कहने को पंजाब के नेताओं के हाथ है, लेकिन सरकार तो दिल्ली वाले चला रहे हैं। लोगों ने गलती से मौका इन्हें दे दिया है, लेकिन अब लोग खुद इनसे परेशान हो चुके हैं। केंद्रीय एजेंसियां अपना काम कर रही है। केंद्र सरकार हमेशा पंजाब को लेकर अलर्ट भेजती रहती है। देश के गृह मंत्री अमित शाह ने मामले में मनोरंजन कालिया के साथ बातचीत की है। पंजाब का हाल बंगाल की तरह हो रहा है। आप विपक्ष को डराना चाहती है। जाखड़ ने कहा, एनआईए तो आएगी ही, क्योंकि उनका काम है। पंजाब के लोगों की जिम्मेदारी है एजेंसियों के पास।

    बादल बोले, सीएम को इस्तीफा देना चाहिए – अकाली नेता सुखबीर सिंह बादल ने कहा है कि पंजाब में अराजकता की सारी हदें पार हो गई हैं। पुलिस थानों, पूजा स्थलों पर हमले और बाबा साहब डॉ. बीआर अंबेडकर की मूर्तियों को तोड़ने के बाद अब पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के आवास पर ग्रेनेड हमला हुआ है। इन सभी घटनाओं से यह स्पष्ट हो गया है कि आप सरकार और सीएम भगवंत मान स्थिति को संभालने में असमर्थ हैं। मुख्यमंत्री को इन घटनाओं की नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए और तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।

    सुधांशु त्रिवेदी बोले, आप सरकार आने के बाद बिगड़े हालात – भाजपा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने भी ग्रेनेड अटैक को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि पंजाब में आप के सत्ता में आने के बाद से कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर गंभीर चिंताएं जताई गई हैं। इस सरकार के सत्ता में आने के कुछ दिनों बाद ही सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर दी गई। तब से अपराधियों, अलगाववादियों का बढ़ता प्रभाव और अपराध व हत्याओं की बढ़ती घटनाएं बेहद चिंताजनक हो गई हैं। जिस तरह हमारे नेता मनोरंजन कालिया के आवास पर हमला हुआ, उससे पता चलता है कि पंजाब में मौजूदा आप सरकार राज्य के लोगों के लिए “आप-दा” बन गई है। यह वास्तव में आश्चर्यजनक है कि पंजाब के सीएम भगवंत मान दावा करते हैं कि उन्हें दिल्ली में कांग्रेस की बैठकों में होने वाली हर बात की जानकारी है। इसका अर्थ है कि उनकी खुफिया एजेंसियां ​​विपक्षी दलों के आंतरिक मामलों पर नजर रखने में सक्षम हैं। इतने बड़े शहर में पार्टी के वरिष्ठ नेता के घर पर ग्रेनेड हमला हो जाता है और सरकार पूरी तरह से अनजान बनी रहती है।    हरसिमरत कौर बोलीं, तुरंत इस्तीफा दें सीएम – बठिंडा लोकसभा सीट से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने कहा है कि पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के आवास पर ग्रेनेड हमला पंजाब की शांति को नष्ट करने और सांप्रदायिक अशांति भड़काने की एक खतरनाक साजिश का हिस्सा है। इससे पहले भी इन्हीं ताकतों ने एक पूजा स्थल पर हमला किया था और बाबा साहब बीआर अंबेडकर की मूर्तियों को खंडित किया था। शिरोमणि अकाली दल इन घटनाओं की निंदा करता है और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से अपील करता है कि वह गृह मंत्री के रूप में अपना कर्तव्य निभाएं और पंजाब में कानून का शासन बहाल करें, अन्यथा तुरंत इस्तीफा दें।

    पूनावाला ने कहा, पंजाब में कानून व्यवस्था ध्वस्त – भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इसे लेकर कहा है कि आप सरकार में पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। अब जालंधर में भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर के बाहर धमाका हुआ है। कुछ दिन पहले ही अमृतसर में एक मंदिर के बाहर ग्रेनेड हमला हुआ था। अगले दिन जालंधर में एक यूट्यूबर के घर पर ग्रेनेड हमला हुआ। कुल मिलाकर 10 से ज्यादा ऐसे ग्रेनेड हमले हो चुके हैं। पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति खराब हो चुकी है। आप की प्राथमिकता पुलिस को पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा में लगाना है, न कि पंजाब की सुरक्षा करना।    पंजाब आप प्रधान बोले, कलिया का परिवार सुरक्षित – पंजाब आप के प्रधान और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि देर रात मनोरंजन कालिया के घर पर हमले की खबर सुनकर मैंने उन्हें फोन कर उनका हालचाल पूछा। पूरा परिवार सुरक्षित है। इस तरह के कायराना हमले ड्रग माफिया और गैंगस्टरों पर रोजाना हो रही कार्रवाई के कारण पैदा हुई घबराहट का संकेत हैं। पुलिस अपराधियों पर सख्ती बनाऐ रखेगी।

    आप नेता सौरभ भारद्वाज बोले, भाजपा दो मुंह वाला सांप – पंजाब के जालंधर में भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर के बाहर हुए विस्फोट को लेकर आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा- जब अरविंद केजरीवाल पर हमला हुआ, तो भाजपा ने कहा कि हिंसा गलत है। लेकिन वह व्यक्ति बहुत गुस्से में था, इसलिए उसने ऐसा किया। इसलिए भाजपा दो मुंह वाला सांप है। लेकिन हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि किसी भी तरह की हिंसा, चाहे उसके पीछे कोई भी कारण हो, गलत है और हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं।     सिरसा बोले, केजरीवाल को खुश करने में लगे सीएम मान – इस मुद्दे पर दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बयान जारी किया है। दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा है कि आप के शासन में पंजाब में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने आका अरविंद केजरीवाल को खुश करने में व्यस्त हैं। जबकि, आतंकी हमले आम बात हो गई है। उन्होंने कहा कि इस कायराना हमले की मैं कड़ी निंदा करता हूं। दोषियों को तुरंत पकड़ा जाना चाहिए और उन्हें सजा मिलनी चाहिए।

   शेरगिल ने कहा, पंजाब को खत्म करना चाहती है आप – पंजाब बीजेपी के नेता जयवीर शेरगिल ने हमले को लेकर कहा है कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब को पूरी तरह खत्म करने की सुपारी ले ली है। आप शासन केजरीवाल के सैर-सपाटे में मस्त है और दूसरी ओर पंजाब की कानून व्यवस्था पूरी तरह से त्रस्त है। उधर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और जम्मू-कश्मीर प्रभारी तरुण चुग ने कहा कि वरिष्ठ नेता मनोरंजन कालिया के घर पर हुए ग्रेनेड हमले की हम निंदा करते हैं। पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति एकदम से खराब हो चुकी है। पंजाब में गैंगस्टरों का राज चल रहा है। आम नागरिक भय में है। इस घटना से पंजाब सरकार को सतर्क हो जाना चाहिए।   बिट्टू बोले, पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति खराब – इस घटना पर केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने जालंधर पहुंच कर पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में ग्रेनेड अटैक की कई घटनाएं हो चुकी हैं। थाने के अंदर भी ग्रेनेड फेंके गए हैं। पंजाब में ग्रेनेड खिलौनों की तरह घूम रहे हैं। हमारे नेता मनोरंजन कालिया पंजाब के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं। घर में आराम करने के दौरान ऐसा हमला हो जाए, यह बहुत निंदा योग्य है। पुलिस थाने पर ऐसा हमला हो जाना, पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति बताता है। धमाके से घर में काफी नुकसान हुआ। घर के पहले फ्लोर तक शीशे टूट गए। इसके बाद भी पुलिस कह रही है कि मामूली ब्लास्ट है।

     मंत्री भगत बोले, पंजाब की शांति में खलल डालने की कोशिश – मनोरंजन कालिया से मिलने पहुंचे मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा है कि सीएम भगवंत मान के ध्यान में सारा घटना है। पुलिस कमिश्नर ने सीएम को अभी तक के केस स्टेटस रिपोर्ट भेजी है। कुछ शरारती तत्वों को पंजाब का विकास हजम नहीं हो रहा है। पाकिस्तान से उन्हें शेल्टर रहता है। ऐसे में पंजाब की शांति बिगाड़ने की नीयत से इस घटना को अंजाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। बीजेपी के शेल्टर में कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस इस वक्त गुजरात की साबरमती जेल में है। लॉरेंस पाकिस्तान में बैठे डॉन शहजाद भट्टी के साथ मिलकर ऐसा करवा रहा है। इसके बाद भी साबरमती जेल में लॉरेंस को पूरी सुरक्षा दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *