पंजाब की कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जताने पर राघव चड्‌ढा का रक्षा मंत्री पर पलटवार… कहा- दूसरे राज्यों पर उंगली उठाने से पहले अपने राज्यों में जिम्मेदारी निभाकर दिखाएं…

आज की ताजा खबर पॉलिटिक्स

देश का महत्वपूर्ण राज्य मणिपुर जल रहा है… रक्षा मंत्री मणिपुर की ओर ध्यान दें- राघव चड्‌ढा

टाकिंग पंजाब

चंडीगढ़। भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आम आदमी पार्टी पर तंज कसते हुए पंजाब की कानून व्यवस्था को चिंताजनक बताया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पंजाब में कानून व्यवस्था को लेकर कहा कि जब कभी पंजाब में कानून व्यवस्था गड़बड़ होती है तो चिंता होती है। केंद्र सरकार को कैप्टन सरकार में अच्छा सहयोग मिलता था। कानून व्यवस्था के हालात संभालने में मदद मिलती थी, लेकिन सभी जानते हैं कि आज पंजाब में क्या स्थिति है। अब आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्‌ढा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व बीजेपी पर पलटवार करते हुए उस जल रहे राज्य पर ध्यान देने की बात कही जिसमें बीजेपी की सरकार है। राघव चड्‌ढा ने पंजाब में कानून व्यवस्था को बेहतर बताते हुए कहा कि किसी ने राजनाथ सिंह को पंजाब के बारे में गलत जानकारी दी है। आम आदमी पार्टी की भगवंत मान सरकार के कार्यकाल में पंजाब की कानून व्यवस्था काफी बेहतर हुई है।
    पंजाब में आज जो अमन-प्यार-शांति व भाईचारा और कानून व्यवस्था है, ऐसी कानून व्यवस्था पंजाब ने कई दशकों से नहीं देखी थी, ना ही कैप्टन साहब के समय व ना ही बादल साहब की सरकार में। उन्होनें आगे बीजेपी व रक्षा मंत्री पर हमला करते हुए कहा कि मैं खास तौर पर रक्षा मंत्री जी जिन्होनें पंजाब की कानून व्यवस्था के संदर्भ में यह स्टेटमेंट दिया है, उन्हें कहना चाहूंगा कि जहां तक देश के अन्य राज्यों में कानून व्यवस्था को बेहतर करने की बात है तो हमारा आपसे अनुरोध है कि देश का महत्वपूर्ण राज्य मणिपुर जल रहा है। लाखों लोग बेघर हो गए और हजारों लोगों की मृत्यु हो गई है। पूरा राज्य तहस-नहस हो गया है। रक्षा मंत्री मणिपुर की ओर ध्यान दें। वहां पर राज्य में भी बीजेपी की सरकार है व केंद्र में भी बीजेपी की सरकार है। डबल इंजन की सरकारें चल रही हैं लेकिन मणिपुर में फिर भी स्थिति इतनी खराब है।
       उन्होनें आगे कहा कि साथ ही जिन-जिन राज्यों की कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी केंद्र या राज्य सरकार के माध्यम से जनता ने उन्हें सौंपी है, पहले वहां की जिम्मेदारी को निभाएं। दूसरे राज्यों पर उंगली उठाने से पहले अपने राज्यों में जिम्मेदारी निभाकर दिखाएं। केंद्र की बात करते हुए राघव चड्‌ढा ने कहा कि दिल्ली एक ऐसा सूबा है जिसके अंदर कानून व्यवस्था व पुलिस सीधे तौर पर केंद्र सरकार के अधीन आता है, लेकिन दिल्ली में आए दिन मर्डर हो रहें हैं, डकैती हो रहीं हैं, रेप हो रहें हैं व अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। दिल्ली में कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी बीजेपी की है, मणिपुर में कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी बीजेपी की है परंतु दोनों सूबों में बुरी हालत है।
      उन्होनें आगे कहा कि इसलिए राजनाथ सिंह व बीजेपी से निवेदन है कि इन राज्यों की ओर ध्यान दें, रैलियां तो बाद में भी हो जाएंगी। पहले राज्यों में कानून व्यवस्था बेहतर कर लोगों को राहत दें। बता दें कि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि पंजाब की कानून व्यवस्था चिंताजनक है। इतना ही नहीं, उन्होंने पटना में हुई विपक्षी दलों की मीटिंग के संदर्भ के साथ एक शायर याद आने पर कहा कि जूगनुओं ने शराब पी ली है, अब वह सूरज को भी गाली देंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कई बार जुगनू नाम भी लिया। साथ ही कहा कि मान सरकार को कानून व्यवस्था के हालात संभालने के लिए पहल करनी चाहिए, लेकिन पंजाब सरकार इस काम को नहीं कर पाती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *