बजट में आम आदमी की झोली फिर खाली .. कोई बड़ा ऐलान नहीं.. मात्र भविष्य के सपने दिखा गया बजट
डिफेंस बजट में 15.2 प्रतिशत बढ़ोतरी, लेकिन शिक्षा व हैल्थ में नामात्र ही बदलाव.. इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं
टाकिंग पंजाब
नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को संसद में बजट पेश किया है। बजट 2026 का ऐलान होते ही सैंसेक्सधड़ाम हो गया। सैंसेक्स 1546 अंक गिरकर 80,722 पर बंद हुआ, जिससे शेयर बाजार में हड़कंपमच गया। इसके अलावा वितमंत्री सीतारमण के 85 मिनट के भाषण में आम आदमी के लिए कोई बड़ा ऐलान नहीं किया गया। हालांकि टैक्स फाइल करने में सहूलियत, रेलवे प्रोजेक्ट व आयुर्वेदिक ऐम्स जैसी नई बातें कही गई हैं। इस दौरान ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहले बजट में सीतारमण ने जियो-पॉलिटिक्स व चुनौतियों की बात कही और देश का रक्षा बजट 6.81 लाख करोड़ से बढ़ाकर 7.85 लाख करोड़ कर दिया। यानी कुल डिफेंस बजट में 15.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी गई है। हालांकि इस बजट में शिक्षा व सेहत को कुछ ज्यादा भाव नहीं दिया गया है। बजट की कुछ सबसे बड़ी घोषणाओं की बात करें तो इस बजट में इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया है। रिवाइज्ड रिटर्न फाइल करने के लिए 3 महीने का ज्यादा समय दिया गया है, यानी अब 31 दिसंबर के बदले 31 मार्च तक रिवाइज्ड रिटर्न फाइल कर सकते हैं। इसके अलावा कैंसर की 17 दवाओं पर से आयात शुल्क हटाया गया है, जो पहले 5 प्रतिशत शुल्क लगता था।
डिफेंस बजट की बात करें तो इसको 6.81 लाख करोड़ से बढ़ाकर 7.85 लाख करोड़, यानी 15.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। हथियार खरीदी और आधुनिकीकरण पर पिछले साल के 1.80 लाख करोड़ के मुकाबले इस साल 2.19 लाख करोड़ खर्च होंगे, यानी 22 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। इसके अलावा मुंबई -पुणे, पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-बेंगलुरु, हैदराबाद-चेन्नई, चेन्नई-बेंगलुरु, दिल्ली-वाराणसी व वाराणसी-सिलिगुड़ी में हाईस्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा की गई है। इसके साथ ही 3 आयुर्वेदिक ऐम्स खोले जाने की घोषणा के साथ मेडिकल टूरिज्म को बढ़ाने के लिए 5 मेडिकल हब भी बनेंगे। साथ ही 5 लाख से ज्यादा आबादी वाले टियर-2 व टियर-3 शहरों के विकास के लिए 12.2 लाख करोड़ खर्च करने का ऐलान किया गया है। देश में 789 जिले हैं व हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल बनाने का ऐलान किया गया है व 15 हजार सेकेंडरी स्कूलों और 500 कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटरलैब्स बनाई जाएंगी। विमान और एयरो इंजन डेवलपमेंट के लिए 64 हजार करोड़ और नौसेना बेड़े के लिए 25 हजार करोड़ रुपए दिए गए हैं। पेंशन के लिए 1.71 लाख करोड़ अलग रखे गए हैं। आयुर्वेदिक दवाइयों की टेस्टिंग के नेशनल लैब्स बनाई जाएंगी। अगले पांच साल में एक लाख स्पेशलिस्ट हेल्थकेयर प्रोफेशनल तैयार होंगे। इसके लिए 10 हजार करोड़ के निवेश करने की बात कही गई है। लखपति दीदी की तर्ज पर महिला स्वयं सहायता समूह की उद्यमी महिलाओं के लिए शी-मार्ट बनाए जाएंगे। सरकार ने लिथियम-आयन बैटरी बनाने वाली मशीनों पर टैक्स छूट का दायरा बढ़ा दिया है। अब बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम के लिए इस्तेमाल होने वाले सामान पर भी ड्यूटी नहीं लगेगी। इससे इलेक्ट्रिक व्हीकल सस्ते होंगे। वहीं, सोलर ग्लास बनाने में इस्तेमाल होने वाले ‘सोडियमएंटीमोनेट’ पर भी ड्यूटी हटा दी गई है, जिससे देश में सोलर पैनल बनाना सस्ता होगा। इसके साथ ही 20 प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर 10 हजार गाइड्स को ट्रेंनिंग दी जाएगी। साल 2026-27 में विदेश पैसा भेजने पर लगने वाले टैक्स कलेक्टेड एड सोर्स को कम करने का ऐलान किया है। अब विदेश में पढ़ाई या इलाज के लिए साल में 10 लाख रुपए से ज्यादा भेजे तो टीसीएस 5 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत कर दिया गया है।
दरअसल अगले साल 2026-27 सरकार का 36.5 लाख करोड़ कुल कमाई का अनुमान है, जिसमें टैक्स से 28.7 लाख करोड़ आएंगे। वहीं लगभग 53.5 लाख करोड़ कुल खर्च रहने का अनुमान है। हालांकि खर्च कमाई से ज्यादा है, इसलिए सरकार बाजार से 11.7 लाख करोड़ का उधार लेगी। बाकी पैसा छोटी बचत योजनाओं से आएगा। इसके इलावा अन्य घोषणाओं की बात करें तो इस बजट में कैंसर की दवाइयां, माइक्रोवेव ओवन, पुर्जे, ईवी बैटरी, सोलर पैनल, जूते, कपड़े, विदेश घूमना, एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस, विदेशी सामान मंगाना सस्ता हो गया है। इसके अलावा शराब पर टीसीएस 1 से बढ़ाकर 2 प्रतिशत कर दिया गया है। इससे शराब की कीमतें बढ़ सकती है। फ्यूचर ट्रेडिंग पर लगने वाले सिक्योरिटीजट्रांजैक्शन टैक्स को 0.02 से बढ़ाकर 0.05 प्रतिशत व ऑप्शंस 0.15 प्रतिशत किया गया है।