गठबंधन I.N.D.I.A. की तीसरी बैठक में सीट बंटवारे के लिए क्षेत्रीय कमेटी बनाने पर होगा मंथन

आज की ताजा खबर पॉलिटिक्स

बैठक में हो सकते हैं कई बड़े फैसले …गठबंधन का लोगो व कन्वीनर का नाम हो सकता है जारी, I.N.D.I.A को केसरिया रंग से रंगने की तैयारी…

टाकिंग पंजाब
नई दिल्ली। नए बने I.N.D.I.A गठबंधन के तहत विपक्षी दलों के नेता आज एक बार फिर मुंबई में बैठक कर रहे हैं। आज इस बैठक का यह दूसरा व अंतिम दिन है व सूत्रों की माने तो इस बैठक में कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। इससे पहले गठबंधन के नेताओं की पटना और बेंगलुरु में मुलाकात हो चुकी है। मुंबई बैठक में, उनसे एक अभियान रणनीति तैयार करने और ब्लॉक की औपचारिक संरचना को अंतिम रूप देने की उम्मीद जताई जा रही है।
    इंडिया ब्लॉक आज एक समन्वय समिति की भी घोषणा कर सकता है। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने नेताओं से अपनी पार्टी से एक-एक नाम देने को कहा है। इस महत्वपूर्ण बैठक के अन्य एजेंडे में गठबंधन के लिए लोगो चुनना व प्रवक्ता की नियुक्ति शामिल है। इसके अलावा गठबंधन में संयोजक रखा जाए या नहीं इस पर भी चर्चा की जा सकती है। सूत्रों के अनुसार समन्वय समिति के अलावा, अभियान और रैलियों की योजना बनाने, सोशल मीडिया को संभालने व डेटा का प्रबंधन करने के लिए चार उप-समूह होंगे। बैठक के दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नेताओं से कहा है कि इस गठबंधन को 2 अक्टूबर तक अपना घोषणा पत्र जारी करना चाहिए।
   वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने सभी से राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा का मुकाबला करने के लिए एक साझा एजेंडा तैयार करने को कहा है। गुरुवार की रात, शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने विपक्षी नेताओं के लिए औपचारिक रात्रिभोज का आयोजन किया। इस दौरान कई नेताओं ने जल्द चुनाव को लेकर आशंका व्यक्त की। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि विपक्ष को एनडीए का मुकाबला करने के लिए तैयार रहना चाहिए। बता दें कि केंद्र सरकार ने 18 से 22 सितंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाया है। विपक्ष ने इसकी कड़ी आलोचना भी की है। यह विशेष सत्र क्यों बुलाया गया है इसे लेकर अभी सरकार की तरफ से कोई जानकारी नहीं दी गई है।
   इस बैठक में शामिल हो रहे नेताओं ने कहा कि वे संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए एक साथ आए हैं और गठबंधन देश को एकजुट करने के लिए काम कर रहा है। राजद नेता मनोज झा ने कहा कि यह सिर्फ पार्टियों का गठबंधन नहीं बल्कि विचारों का गठबंधन है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने कहा कि देश की एकता और संप्रभुता को मजबूत करना ही समय की मांग है। उधर बीजेपी ने I.N.D.I.A गठबंधन को एक स्वार्थी गठबंधन बताया है। बीजेपी के अनुसार इस गठबंधन का उद्देश्य अपने सदस्य दलों के नेतृत्व में परिवारों के हितों को बढ़ावा देना और उनकी रक्षा करना है। बीजेपी का कहना है कि इस गठबंधन का कोई आधार नही है व देश की जनता इसके कभी स्वीकार नहीं करेगी। इस बैठक की बात करें तो विपक्षी गठबंधन आज दोपहर तक लोगो और कन्वीनर का नाम जारी कर सकता है।
      मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लोगो को तिरंगे के रंग में रंगने की तैयारी है। I.N.D.I.A का IN केसरिया रंग से, D पर सफेद रंग और IA पर हरा रंग हो सकता है। सभी दलों की सहमति के बाद लोगो रिलीज किया जाएगा। इसके साथ ही चुनाव समय से पहले होने की अटकलों के बीच गठबंधन सीट शेयरिंग पर जल्द से जल्द एक फॉर्मूले पर पहुंचना चाहता है। इसके लिए क्षेत्रीय स्तर पर कमेटियां बनाने की भी बात हो रही है। बैठक के पहले दिन 31 अगस्त को 28 दलों के नेताओं ने शिरकत की थी। उन्होंने कहा था कि वह देश और संविधान को बचाने के लिए साथ आए हैं। भाजपा से निपटने के लिए एक साझा प्रोग्राम तैयार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *