पंजाब विधानसभा के अंदर व बाहर कांग्रेस, भाजपा  व अकाली नेताओं का हंगामा

आज की ताजा खबर पॉलिटिक्स

अकाली दल के नेताओं व समर्थकों ने की विधानसभा की ओर कूच करने की कोशिश तो प्रर्दशनकारियों को गाड़ियों में डाल दूर ले गई पुलिस

टाकिंग पंजाब

पंजाब विधान सभा सेशन में जैसे ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विश्वासमत पेश कर दिया है, विरोधी पार्टीयों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा बढता देख स्पीकर कुलतार संधवां ने पंजाब विधानसभा की कार्रवाई को 29 सितंबर दोपहर 2 बजे तक के लिए मुल्तवी कर दिया। सीएम भगवंत मान की तरफ से पेश किए गए विश्वासमत को कांग्रेसी विधायकों ने कानून के खिलाफ बताया। उन्होंने विधानसभा में जमकर नारेबाजी और हंगामा किया।

   हंगामा बढता देख स्पीकर ने उन्हें बाहर जाने को कह दिया। इसके बावजूद कांग्रेस विधायकों ने विरोध जारी रखा तो उन्हें आज के दिन के लिए सस्पेंड कर बाहर निकाल दिया गया। विधानसभा से निकाले जाने के बाद इन कांग्रेसी नेताओं ने बाहर जाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे पहले अकाली दल के नेताओं व समर्थकों ने पंजाब विधानसभा की ओर कूच करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें हाईकोर्ट चौक पर ही रोक लिया।

   विरोध प्रदर्शन तेज होने पर पुलिस सभी अकाली नेताओं व कार्यकर्ताओं को गाड़ियों में डालकर दूर ले गई। इसके अलावा भाजपा ने भी ऑपरेशन लोटस के आरोप को झूठा बता सदन से वॉकआउट कर दिया। हालांकि इसके बाद भगवंत मान ने विरोधियों पर जमकर निशाने साधे। उन्होंने कहा कि बाहर भाजपा ख्याली पुलाव बना रही है व कांग्रेस क्या कर रही है ? यह पंजाब के लोग देख रहे हैं।

   चन्नी साब ने कईं फाईलों पर साइन किए.. लेकिन अब वह कहीं मिल ही नहीं रहे

अपने संबोधन में कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने सरकार बदलने के बाद कई फाइलों पर साइन किए थे। वह जानना चाहते हैं कि इन फाईलों पर साइन क्यों किए गए, लेकिन अब वह कहीं मिल नहीं रहे हैं। उन्होंने कांग्रेसियों से पूछा कि उनके पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी कहां हैं ?

उन्‍होंने कहा कि आज कल रिवाज बन गया कि विधानसभा चलने नही देंगे। इससे लोकतंत्र की आत्मा तड़पती है। सभी का सोचने का तरीका अलग हो सकता है। महात्मा बुद्ध के समय से लोकतंत्र शुरू हो गया था। अब यहां कह रहे हैं कि हमें सुन लो औरों को मत सुनो। हमने जिस दिन विश्वास प्रस्ताव लाने के लिए विधानसभा बुलाने की बात की तो कांग्रेस ने विरोध शुरू कर दिया। यह भाजपा से मिले हुए हैं। कांग्रेस को अपने विधायकों को बेच कर गुजारा करना पड़ रहा है।

   भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने एक नया तरीका ढूंढ लिया है जब लोग नही चुनते तो विधायकों को खरीद कर बना लेते हैं।  भाजपा के नेता वक्त के साथ खेल रहे हैं। वह भूल रहे हैं कि वक्त किसी का नहीं होता। मृग तृष्णा के पीछे भाग रहे हैं व भाजपा उसी का शिकार हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *